मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को जेल कौशल विकास समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण हेतु मानक पूर्ण करने वाले निजी प्रशिक्षण प्रदाता का यथाशीघ्र चयन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जेल अधीक्षक को सेक्टर वार कारागार में प्रशिक्षण हेतु इच्छुक बंदियों की संख्या यथाशीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। प्रधानाचार्य आईटीआई को जेल में निरुद्ध कौशल प्रशिक्षण हेतु इच्छुक बंदियों के चयन की कार्यवाही यथाशीघ्र पूर्ण कर मिशन निदेशक को पत्र प्रेषित करने को कहा। जिलाधिकारी ने जेल मैनुअल का पालन करते हुए प्रशिक्षण कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य आईटीआई ने बताया कि जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु ऐसे प्रशिक्षण प्रदाता का चयन किया जाना है। ऐसे बंदी जिनको कम से कम तीन माह तक की सजा हुई हो तथा वह प्रशिक्षण करने हेतु इच्छुक हो, उन्हें कौशल प्रशिक्षण दिया जाना है। बैठक के दौरान जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन (प्रधानाचार्य आईटीआई) डिप्टी जेलर सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।