मऊ। नगर के इमिलिया मुहल्ले के पास शनिवार को पूर्वाह्न लगभग नौ बजे हाईटेंशनलाइन का तार टूट गया। इससे नगर सहित आसपास के इलाकों में आठ घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। नगर के ओल्ड पावरहाउस से नगर के सहादतपुरा, निजामुद्दीनपुरा, चांदमारी इमिलिया, निजामुद्दीनपुरा, हट्ठीमदारी सहित आसपास के इलाकों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। शनिवार को पूर्वाह्न लगभग नौ बजे चांदमारी इमिलिया के पास हाइटेंशन तार टूट गया। इससे पूरे नगर समेत आसपास क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं का गर्मी व उमस से हाल बेहाल रहा। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को शुद्ध पानी मयस्सर नहीं हो पा रहा था। उपभोक्ताओं का कहना था कि हाईटेंशन तार जर्जर हाल हो गए हैं। आए दिन तारों के टूटने से घंटों बिजली गुल हो जा रही है। उधर बिजलीकर्मी बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए लगे रहे, लेकिन अपराह्न साढ़े छह बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। अधिशासी अभियंता प्रथम सुबोध कुमार का कहना था कि ट्रांसमिशन का तार टूटने से समस्या उत्पन्न हुई है। शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।