परदहां ब्लाक के पिपरीडीह में आंधी से उड़ा टीन सेड व मड़ई।
- फोटो : MAU
मऊ। रविवार की शाम अचानक मौसम ने मिजाज बिगाड़ लिया। तेज धूलभरी आंधी से लोग दहशत में आ गए। हालांकि हवा तो बेहद तेज रही लेकिन गरज चमक के साथ उतनी बरसात नहीं हुई। आंधी से आम की फसल को खासा नुकसान पहुंचा है। साथ ही खेत और खलिहान में रखे गेंहू और भूसें उड़ गए। वहीं कई स्थानों पर पोल आदि गिरने से बिजली आपूर्ति ठप रही। रविवार की देर शाम आई तेज आंधी और बारिश में भारी नुकसान हुआ। कई जगहों पर पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे तार और पोल टूट गए। इससे अधिकांश क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही। लोग पूरी रात अंधेरे में रहे। जिला मुख्यालय पर भी कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। आंधी से आम के कच्चे फल टूट कर गिर गए, हरी सब्जी की फसलों को भारी नुकसान हुआ। कई स्थानों पर किसानों ने मकई की फसल बो रखी है। बे मौसम बरसात से किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। उधर, रानीपुर ब्लॉक के गोकुलपुरा गांव के पास शीशम का पेड़ बिजली के तार पर गिर गया। इससे कई पोल टूट गए। साथ ही क्षेत्र के 70 गांवों में बिजली की आपूर्ति बाधित है। आंधी पानी से रतनपुरा, कोपागंज, बड़रांव, दोहरीघाट बिलोंझा, इंदारा़ मझवारा आदि गांव में भारी वर्षा से सब्जियों और आम के फलों को ज्यादा नुकसान हुआ। पिपरीडीह क्षेत्र में तेज आंधी से कई मकानों के टीन शेड उड़ गए। देवारा क्षेत्र में आंधी के चलते सैकडो़ रिहायशी मड़इयां उड़ गईं। इसके साथ ही ईट भट्ठों पर हाल की पाथी गई कच्ची ईंटें मिट्टी में तब्दील हो गई।