कलेक्ट्रेट से रवाना होने के पहले मतपत्रों का मिलान करते पोलिंग पार्टी में शामिल मतदानकर्मी।संव?
- फोटो : MAU
मऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य स्थानीय प्राधिकारी पद के लिए मतदान शनिवार को होगा। जिले से शुक्रवार की शाम को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं और शनिवार को सुबह मतदान कराने की तैयारियों को अंतिम रूप देती रहीं। मतदान सुबह आठ से प्रारंभ होकर शाम चार बजे तक चलेगा। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के पूर्व कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरुण कुमार ने मतदान कार्य में लगे सभी कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया पूरी निष्ठा ,जिम्मेदारीपूर्ण और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। कहा कि बूथ के अंदर सिर्फ अधिकृत लोग ही रहेंगे। अगर किसी चुनाव कर्मी को कोई दिक्कत होती है तो तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को दें जिससे उनकी जगह रिजर्व कर्मियों को मतदान कार्य के लिए लगाया जा सके। डीएम ने बताया कि इस चुनाव में जनप्रतिनिधि ही मतदाता है, इसलिए यह चुनाव संवेदनशील हो जाता है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 10 मतदेय स्थल बनाए गए हैं एवं कुल मतदाताओं की संख्या 1710 है। हर बूथों पर पर्याप्त पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात रहेंगे उनके सहयोग से बिना किसी डर के निष्पक्षता एवं पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न कराएं। जिला अधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि अगर किसी बूथ पर मतदान कार्य में लगे कार्मिकों के खिलाफ कोई शिकायत पाई गई तो उसके खिलाफ कारवाई की जाएगी। घोसी : ब्लॉक परिसर में शनिवार को होने वाले एमएलसी चुनाव में मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई। कुल 175 जनप्रतिनिधि मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बीडीओ एसके सिंह ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र के 72 ग्राम प्रधान 79 बीडीसी, तीन जिला पंचायत सदस्यों के साथ नगर पंचायत के18 सदस्य तथा चेयरमैन वोट डालेंगे। एसडीएम सुरेश कुमार ने बताया कि मतदान को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।