पिपरीडीह/ अमिला। कोरोना संक्रमण के निरंतर बढ़ते रहने पर लोगों को जागरूक करने और स्वास्थ्य विभाग की गाइड लाइन का बेहतरी से अनुपालन कराने के उद्देश्य से पुलिस ने चौकियों पर शांति समिति की बैठकें किया। पिपरीडीह पुलिस चौकी परिसर में सरायलखंसी एसओ डीके श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना वायरस के तेजी से बढते प्रकोप से सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन गंभीर है। लोगों को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। कहा कि कि कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि खुद और दूसरों को बचाने की आवश्यकता है। यदि कोई बाहर से आता है और उसे खांसी आ रही है, तो उन्हें 14 दिनों तक घर के अंदर रखें। उसे किसी भी प्रकार की दिक्कत होती है तो तुरंत ही जांच कराएं। जब भी बाहर से घर वापस आयें तो हाथों को बार-बार साबुन व साफ पानी से अच्छी तरह से धोएं। मास्क लगाएं, मुंह-नाक को रूमाल या गमछे से ढकें। बैठक में चौकी इंचार्ज राधेश्याम सरोज, विशाल सिंह,परवेज अहमद,बहादुर यादव,प्रेमनाथ गोड़ आदि उपस्थित रहे। उधर अमिला पुलिस चौकी पर बुधवार को प्रभारी धर्मराज यादव की अध्यक्षता में पीस कमेटी बैठक हुई। बैठक में चौकी प्रभारी ने कहा कि इस कोरोना महामारी का संक्रमण चल रहा है। कोरोना का अभी इलाज नहीं है लेकिन कुछ सावधानियां बरत कर इससे बचा जा सकता है। कहा कि क्षेत्र मे छोटी छोटी बातों को लेकर मारपीट जमीनी विवाद एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जाती है। ऐसे में सभी सभ्रान्त एवं बुद्धिजीवियों के सहयोग से पुलिस ऐसे मामलों पर नियंत्रण कर सकती है। कहा कि अगर क्षेत्र में कोई गड़बडी दिखे तो पुलिसको तत्काल सूचना दें। सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाई चारे को बेहतर बनाए रखने में अपना योगदान दें। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि अजय गुप्ता, मु् असलम, डा. अब्दुल हई, प्रधान सीताराम पटेल, राजा राम सोनकर, जरीउलहक, वली मुहम्मद, राम अजोर यादव आदि उपस्थित रहे।