नगर के शारदा नारायन अस्पताल में अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित पुलिस की पाठशाला को स?
- फोटो : MAU
मऊ। जिंदगी में सफल होने के लिए चुप्पी तोड़नी होगी और अपने हक के लिए बोलना होगा। हमेें रोज कुछ न कुछ सीखने की प्रतिज्ञा करनी होगी। इसके लिए सोशल मीडिया के साथ अपने आसपास के लोगों से मदद लेनी चाहिए। पढ़ाई के अलावा स्वच्छता, पर्यावरण सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में समय देने की जरूरत है। यह बातें पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने शुक्रवार को शारदा नरायण अस्पताल के सभागार में आयोजित अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मुख्य अतिथि के तौर पर कही। दो घंटे तक चले इस कार्यशाला में एसपी ने साइबर क्राइम के साथ दूसरे अपराध से बचाव के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल रहें। शुक्रवार की दोपहर एक बजे से शुरू हुई पुलिस की पाठशाला में पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय शिक्षक की भूमिका में दिखे। छात्र-छात्राओं से सवाल पूछे। सवालों से संबंधित वीडियो को प्रोजेक्टर पर दिखाकर समझाने का प्रयास किया। साथ ही बेहतर उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को पुस्तक प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि साइबर अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तकनीक का फायदा उठाकर अपराध करने के नये-नये तरीके ईजाद किए जा रहे हैं। कहा कि ऑनलाइन ठगी करने वाले अक्सर अपरिचित नंबर से आपके फोन पर लिंक भेजते हैं और बातों में उलझाकर आपसे पासवर्ड, ओटीपी और अन्य अहम जानकारियां ले लेते हैं। ऐसे लिंक पर कतई क्लिक न करें। यह साइबर ठग बड़ी आसानी से आपके अकाउंट से धनराशि प्राप्त कर लेते हैं। ऐसे में किसी भी सूरत में इनसे अपने पासवर्ड, ओटीपी, आधार कार्ड और पेन कार्ड आदि की जानकारी शेयर न करें। उन्होंने कहा कि फिर भी यदि कोई साइबर क्राइम का शिकार हो जाता है तो पुलिस उसकी पूरी मदद करती है। एसपी ऑफिस में इसके लिए साइबर सेल गठित है। वहीं दूसरे अपराधों से बचाव के उपाय को लेकर भी यूपी 112 नंबर, वूमेन पावर लाइन 1090, यूपी कॉप एप, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन,1098 चाइल्ड हेल्प लाइन आदि सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इससे पहले मुख्य अतिथि का स्वागत शारदा नारायन हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ. संजय सिंह द्वारा बुके देकर किया गया।