मऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सीसी कैमरे की निगरानी में हुई। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार से अभ्यर्थियों को कड़ी निगरानी में परीक्षा कक्ष में भेजा गया। परीक्षा देकर बाहर निकल रहे अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल रहा। विद्यार्थी आपस में प्रश्नों का मिलान करते नजर आए। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र और पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने पुलिस बल के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा में 44256 के सापेक्ष 42575 अभ्यर्थी शामिल हुए।
उप्र पुलिस भर्ती परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पहले दिन शनिवार को पहली पाली सुबह 10 बजे से शुरू होनी थी। अहले सुबह ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रोंं पर पहुंच गए थे। परीक्षा से दो घंटे पूर्व ही परीक्षार्थियों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई। पहली पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक हुई। परीक्षा में 22128 के सापेक्ष 21297 अभ्यर्थी शामिल हुए। दूसरी पाली अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक हुई। परीक्षा में 22128 के सापेक्ष 21278 अभ्यर्थी शामिल हुए। इस दौरान जनपद में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर भी आरपीएफ, जीआरपी के साथ सिविल पुलिस का व्यापक प्रबंध किया गया था। रोडवेज परिसर के साथ ही उसके बाहरी क्षेत्र में भी पुलिस तैनात थी। परीक्षा केंद्रों को 14 सेक्टर में बांटा गया था। प्रत्येक सेक्टर में एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर भ्रमण कर नजर रख रहे थे। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही चार जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर नजर रख रहे थे। इसके अलावा समस्त परीक्षा केंद्रों की मॉनीटरिंग कंट्रोल रूम से की जा रही थी।
इनसेट
गणित और जीके के प्रश्न में उलझे विद्यार्थी
परीक्षा देने के बाद बाहर निकल रहे अभ्यर्थियोंं में उत्साह का माहौल रहा। इस संबंध में रतनपुरा से आए दिवाकर का कहना था कि पेपर अच्छा हुआ है। गणित के प्रश्न हल करने में दिक्कतें आ रही थी। गाजीपुर से आए नीरज का कहना था कि पेपर अच्छा रहा। सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को हल करने में समस्या आ रही थी। चिरैयाकोट की पल्लवी सिंह का कहना था कि पेपर आशा के अनुरुप हुआ है। गणित के प्रश्न को हल करने में दिक्कतें आ रही थी। करहां की अंजू का कहना था कि सामान्य ज्ञान के प्रश्न को हल करने में मुश्किलें आ रही थी।
डीएम, एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, दिया दिशा-निर्देश
जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के साथ शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम, एसपी ने चंद्र देव स्मारक महिला महाविद्यालय खानपुर, कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन फॉर वूमेन तेंदुली पलिगढ़, जय मां खंडवारी महिला महाविद्यालय कोटवा कहिनौर सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैनात अधिकारियों तथा कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
घोसी। उपजिलाधिकारी सुमित कुमार सिंह ने शनिवार को पुलिस भर्ती परीक्षा के चार केंद्रों का निरीक्षण किया। वहां सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद रखने को कहा साथ ही केंद्र के आसपास कोई अनावश्यक दिखाई न दे इसका ध्यान रखने को कहा। सर्वोदय पीजी कॉलेज घोसी, विक्ट्री इंटर कॉलेज दोहरीघाट, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परमहंस मिश्र बंशराजी देवी महाविद्यालय रेयाव को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहां नियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक से जानकारी ली। संवाद