जिले में पुलिस भर्ती को लेकर आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिसमें दो पालियों में पहले दिन अभ्यर्थियों ने पुलिस भर्ती को लेकर परीक्षा दी। इससे पहले केंद्र के अंदर पहुंचने से पहले अभ्यर्थियों को तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था से गुजरना पड़ा। जहां सबसे पहले उन्हें केंद्र के मुख्य द्वार पर चेकिंग के दौरान ही इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के तहत घड़ी, स्मार्ट वाच, मोबाइल, इयरफोन सभी को उतारकर अलग रखवा दिया गया। इसके बाद अंदर जाने पर बायोमेट्रिक जांच के बाद केवल पेन एडमिट कार्ड के साथ अभ्यर्थी अंदर पहुंचे। यहां उनकी फोटो लेकर पहले से मौजूद डाटा से मिलान करने के बाद बैठने दिया गया। वहीं इस दौरान जूता निकाल कर जांच हुई तो महिला अभ्यर्थियों के लिए जांच के लिए सभी आठ केंद्रों पर अलग से केबिन बनाया गया था। जहां महिला आरक्षी द्वारा महिला अभ्यर्थियों की कड़ी जांच के बाद उन्हें अंदर भेजा गया।
दो-दो टीमें भटकने वाले को सही रास्ता बताती रहीं
एसपी इलामारन जी ने बताया कि बाहर प्रदेशों से आने वाले अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचने के लिए रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर दो-दो टीमें बनाई गई थीं। जिसमें एक-एक महिला टीम थी जो को बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को उनके केंद्रों तक पहुंचने के लिए रास्ता बताती रहीं।
ई और ऑटो रिक्शा वालों की रही चांदी
पुलिस भर्ती को लेकर शुक्रवार को जिलेवासी मददगार की भूमिका में दिखे। इस दौरान कई बाइक चालकों ने पता पूछने पर न केवल अभ्यर्थियों को केंद्रों का पता बताया, बल्कि भटकने की स्थिति को देखते हुए उनके केंद्रों तक पहुंचाया। इस दौरान ई रिक्शा ऑटो रिक्शा चालकों की चांदी रही। जहां अभ्यर्थियों ने अपने केंद्रों तक पहुंचने के लिए इसका जमकर उपयोग किया।
पांच जोड़ी ट्रेन और 63 बसों से पहुंचे अभ्यर्थी
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे द्वारा पांच जोड़ी ट्रेनें चलाई गईं। इसमें गोरखपुर-वाराणसी सिटी, वाराणसी सिटी गोरखपुर, दो आजमगढ़ वाराणसी सिटी परीक्षा स्पेशल के साथ आजमगढ़ गोरखपुर स्पेशल ट्रेन, गोरखपुर आजमगढ़ स्पेशल ट्रेन, बलिया-गोरखपुर स्पेशन ट्रेन मऊ स्टेशन से होकर गुजरी। वहीं मऊ डिपो द्वारा 63 बसों का संचालन किया गया, जिसमें पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड देखकर उन्हें निःशुल्क यात्रा कराई गई।
आरपीएफ जीआरपी ने चलाया सघन चेकिंग अभियान
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर मऊ जंक्शन पर आरपीएफ, जीआरपी अलर्ट मोड पर हैं। इसीक्रम में शुक्रवार को आरपीएफ प्रभारी अजय सिंह और जीआरपी प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में चेकिंग की की गई। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए दो टीम गठित की गई हैं, जिनके द्वारा ट्रेनों के कोचों में लगातार चेकिंग करने के जा रही है।
35 ट्रैफिक कर्मियों के बाद भी दिन भर लगा जाम
जाम से बचने के लिए यातायात पुलिस द्वारा खास इंतजाम किए जाने का दावा किया गया था। सुबह सात बजे से रात के नौ बजे तक नगर के बलिया मोड़, बढ़ुआगोदाम और मतलूपुर से बड़े वाहनों की नो इंट्री के बाद भी नगर के गाजीपुर तिराहे, आजमगढ़ मोड़, भीटी चौक, मिर्जाहादीपुरा तिराहे पर जाम की समस्या सुबह से शाम तक बनी रही। जबकि यातायात व्यवस्था को लेकर सुबह से ही एक यातायात निरीक्षक, दो यातायात उप निरीक्षक, 35 यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती रही।
रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों के सुरक्षा के लिए तैनात रही आरपीएफ
वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर आजमगढ़ आरपीएफ इंस्पेक्टर अभय कुमार राय के निर्देशन शुक्रवार को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रेलवे पुलिस तैनात रही। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर उपनिरीक्षक विक्रम समेत आरपीएफ पुलिस ने स्टेशन पर पहुंच कर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों की निगरानी की। संवाद