दुकानदार को घसीटते हुए साथ ले गए पुलिसकर्मी
- फोटो : social media
लॉकडाउन का पालन कराने में यूपी पुलिस का अमानवीय चेहरा एक बार फिर सामने आया है। हालांकि मामला संज्ञान में आने के बाद आरोप पुलिसकर्मी को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। ये घटना है मऊ जिले की। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कसबा के विजय स्तंभ के पास मंगलवार की शाम तीन सिपाहियों ने व्यापारी की पिटाई की और उसे घसीटते हुए पुलिस थाने ले गए।
वीडियो वायरल होने पर एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया और एक सिपाही चंदन कुमार को लाइन हाजिर कर पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है। बताया जा रहा है कि मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के विजय स्तंभ के पास मौजूद किराने की दुकान को बंद कर व्यापारी बाहर खड़ा था। तभी वहां तीन सिपाही पहुंचे। उन्होंने व्यापारी से वहां खड़े रहने का कारण पूछा।
आरोप है कि व्यापारी द्वारा घर के सामने खड़ा होने की बात बोले जाने पर तीनों सिपाही उन्हें गालियां देने लगे। जब व्यापारी ने विरोध जताया तो चंदन कुमार नामक सिपाही ने व्यापारी की पिटाई शुरू कर दी। साथ ही घसीटते हुए पुलिस थाने ले गए।
किसी ने इस घटना का वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। ये मामले जब एसपी धुले सुशील चंद्रभान के संज्ञान में आया तो उन्होंने तत्काल एक्शन लिया। सिपाही चंदन कुमार को लाइन हाजिर कर पूरे मामले की जांच का आदेश है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को संज्ञान में लेकर एसपी द्वारा की गई कार्रवाई की लोगों ने सराहना की।