स्थानीय पुलिस को शुक्रवार की देर रात बड़ी सफलता मिली, जहां पुलिस टीम ने एसओजी के साथ संयुक्त आपरेशन चलाते हुए जमालपुर विक्कमपुर में एक घर में दबिश दी। पुलिस ने घर से पांच लोगों को पकड़ा, इनके पास से तीन तमंचा तथा बाइक बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी हाईवे पर चोरी, लूट, छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया। कोतवाल अनिलचंद्र तिवारी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चोरों का एक गिरोह जमालपुर विक्कमपुर गांव में एक घर में छिपा हुआ है। इसके बाद स्थानीय कोतवाली टीम ने एसओजी के साथ मकान का घेराबंदी की। पुलिस की छापेमारी की आहट पाकर घर से निकलकर छह लोग भागने लगे। पुलिस की घेराबंदी के चलते पांच आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गए, जबकि एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मुहम्मदाबाद गोहना के भदीड निवासी पीयूष राजभर उर्फ टाइगर, दोहरीघाट थाना के जमुनीपुर निवासी रामसुंदर उर्फ गोलू, घोसी कोतवाली के मानिकपुर असना निवासी बृजेश उर्फ प्रिंस बासफोर धरौली बड़ागांव निवासी आशुराम तथा मधुबन थाना के चचाइपार मलकौली निवासी अभिषेक राजभर के रूप में हुई। जबकि फरार छठवें चोर की पहचान कोतवाली क्षेत्र के होलीपुर निवासी विशाल के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान तीन तमंचा, सात कारतूस, आठ हजार की नकदी, दो चोरी की बाइक और छह मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 5 दिन पूर्व कस्बा घोसी फोरलेन बाईपास पर ट्रक से मोबाइल तथा 25 हजार चोरी किये थे। जबकि बीते पांच अप्रैल को सरायलखंसी थाना के पनियरा हाल्ट स्टेशन के पास खड़े ट्रक से बैटरी, मोबाइल के साथ 10 हजार रुपए चुराए थे।
वहीं बीते 10 अप्रैल को भुजौटी के पास टेंपो से जा रही महिला के पर्स को मोटरसाइकिल से छीन कर फरार हुए। इसमें 900 रुपये, गले का हार एवं मोबाइल था। इसके अलावा थानीदास मोड़ से आगे पेट्रोल पंप के पास ट्रक से एवं अन्य स्थानों पर चोरी छिनैती कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया।