मऊ। लोकसभा चुनाव परिणाम जानने के लिए आतुर जनपदवासी मंगलवार को पूरे दिन टीवी से चिपके रहे। आलम यह रहा कि घर की महिलाएं और युवतियां भी टीवी पर नजर गड़ाए हुए थीं। मोबाइल, वाट्सएप, फेसबुक से भी पल-पल का अपडेट लिया जा रहा था। मतदान के बाद से परिणाम जानने के लिए लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। सुबह से ही टीवी सेटों पर लोग चिपके रहे। वे पल-पल की जानकारी ले रहे थे। कई इलाकों में बिजली गुल हो जाने की स्थिति पर लोग फोन, मोबाइल, वाट्सएप, फेसबुक से प्रत्याशियों के ताजा स्थिति की जानकारी लेने में लगे रहे। जिला अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज तथा तिमारदार भी टीवी स्क्रीन पर नजर गड़ाए दिखे। इसके अलावा सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारी, अधिकारी काम करने के साथ ही अपडेट को लेकर चुनावी चर्चा में लगे रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर बिजली गुल रहने से लोग परेशान रहे। कुछ इलाकों में लोग बैट्री लगाकर मतगणना की ताजा जानकारी लेने में लगे रहे।