मऊ। कोपागंज कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार को कोविड 19 का टीका लगवाने आए लोगों को वैक्सीन के अभाव में बगैर टीका लगवाए ही निराश जाना पड़ा। शनिवार को सीएचसी कोपागंज पर कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए दर्जनों लोग पहुंचे। इनमें किसी को पहली डोज लेनी थी। किसी को दूसरी डोज। पूर्वाह्न लगभग 11.30 बजे तक जब वैक्सीन लगाने का कार्य शुरू नहीं हुआ तो लोग परेशान होकर चिकित्सा अधीक्षक के पास गए। वैक्सीनेशन के बारे में पूछा तो बताया कि वैक्सीन न होने के कारण वैक्सीन का डोज नहीं लग पा रहा है। उन्होंने संभावना जताया कि दोपहर 12 या एक बजे तक वैक्सीन आ सकती है। सोमवार को ही वैक्सीनेशन कार्यक्रम होगा। इससे निराश होकर लोग बिना वैक्सीन लगवाए वापस चले गए। बताया कि शुक्रवार को भी दोपहर में ही वैक्सीन खत्म हो गया जिससे कि कई लोग वापस चले गए थे। शनिवार को अपराह्न दो बजे तक वैक्सीनेशन सेंटर बंद रहा।