मऊ। जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें औद्योगिक क्षेत्र में जलनिकासी पर ध्यान दिए जाने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने हस्तशिल्प विपणन योजना, मुख्यमंत्री विशिष्ट हस्तशिल्प पेंशन योजना एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की प्रगति के बारे में जानकारी ली। औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा के नाला एवं जल निकासी के संबंध में चर्चा करते हुए समिति के सदस्यों ने इसे गंभीर समस्या बताई और इसके समाधान का मुद्दा उठाया। सीडीओ ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को इसके निस्तारण के लिए निर्देश दिए। बैठक में समिति के सदस्य द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में अलग से फिडर लगाने की भी बात उठाई गई। कहा कि उद्योगों को पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है। अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि जो भी समस्याएं हैं उसका निस्तारण जल्द करा दिया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, नगर क्षेत्राधिकारी, जिला उद्योग अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।