लखनऊ में मृत पत्नी का शव घर लेकर आया पति उसके दाह संस्कार की तैयारी कर ही रहा था कि पुलिस धमक पड़ी। मृतका के मायके वालों की तहरीर और उसकी छह साल की बेटी के बयान पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पति को हिरासत में लिया। कोतवाली के भटौली वैश्य निवासी पवन चौहान पत्नी सोनी और तीन बच्चों के साथ लखनऊ में रहता है। पवन घरों में टाइल्स लगाने का कार्य करता है। मंगलवार की शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। कहा जाता है कि पति की पिटाई से पत्नी की मौत हो गई। पत्नी का शव लेकर पवन बुधवार की सुबह 10 बजे घर पहुंचा। उधर मृतका के मायके फैजुल्लाहपुर में उसकी मौत की सूचना पहुंच गई। शक के आधार पर मायके वालों ने 112 डायल पुलिस को सूचना दी। मृतका के ससुराल पक्ष के लोग शव ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि पुलिस धमक पड़ी। जानकारी होते ही उप जिलाधिकारी सुरेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक उमाशंकर उत्तम व कोतवाल अनिल तिवारी भटौली वैश्य गांव पहुंच गए। पुलिस के अनुसार पवन चौहान की छह वर्षीय पुत्री ने बताया कि पापा ने बेलन से उसकी मां की पिटाई की थी। मायके वालों ने पवन चौहान क खिलाफ तहरीर दी।सीओ उमाशंकर उत्तम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह पता चलेगी।