उपजिलाधिकारी सदर सुमित सिंह व सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश मिश्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को जनपद के अनेक क्षेत्रों में छापामारा कर कई दुकान और गोदाम से नमूने लिए। टीम ने लाडनपुर कोपागंज स्थित बरनवाल नमकीन भंडार की निर्माण इकाई से नमकीन के पांच नमूने लिए। लगभग 5.50 क्विंटल नमकीन जिसकी कीमत 46 हजार रुपये थी उसे जब्त किया। मौके पर खाद्य कारोबारी ने चांदनी ब्रांड नमकीन की पैकिंग करते हुए पाया गया जिसपर निर्माण का पता वाराणसी लिखा था। कुछ पैकेट पर पैकिंग तिथि, एक्सपायरी, निर्माता का पता दर्ज ही नहीं था। मूंग मास स्थित नमकीन निर्माण इकाई पर नमकीन ब्रांड कृष्णा का नमूना लिया। भावनपुर घोसी स्थित गणेश शर्मा की नमकीन निर्माण इकाई पर नमकीन ब्रांड हंगामा का नमूना लिया। मधुबन स्थित राकेश कुमार की नमकीन निर्माण इकाई पर नमकीन का नमूना भी लिया। शहर के पुरानी तहसील के पास शिवम नमकीन निर्माण इकाई पर नमकीन ब्रांड शिवम का नमूना छापा मारकर लिया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश मिश्र ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे, रिपोर्ट आने के बाद सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।