रतनपुरा। रतनपुरा ब्लाक के बिलौझा ग्राम पंचायत में महाराजा सुहेलदेव की जयंती मनाई गई। आयोजित समारोह में अंबेडकर नगर के विधायक रामअचल राजभर ने कहा कि हमें महाराजा सुहेलदेव के आदर्शों का पालन करना चाहिए।
इतिहास पुरुष सुहेलदेव के बताए हुए रास्ते पर चलकर ही हम मां भारती को परम वैभव के शिखर पर ले जाकर संपूर्ण विश्व में मां भारती की विजय पताका फहरा सकते हैं। रामअचल राजभर ने समारोह में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता पर जोर दिया। कहा कि आजादी के 75 सालों तक इतिहासकारों ने महाराजा सुहेलदेव के गौरवशाली कार्यों को समाज के समक्ष नहीं रखा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद बबन राजभर ने भी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर डाक टिकट जारी कर, ट्रेन चलाकर, विद्यालयों की स्थापना कर उनको सम्मान दिया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम जन्मभूमि मंदिर एवं काशी कॉरिडोर के शिलान्यास के समारोह में महाराजा सुहेलदेव का वर्णन कर उनको जो सम्मान दिया उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
पूर्व विधायक विजय राजभर ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने आक्रांताओं को खदेड़ा, धर्म संस्कृति की रक्षा की। हमें अपने वोट के माध्यम से ऐसी सरकार बनानी है, ऐसे लोगों को जनप्रतिनिधित्व देना है जो महाराजा सुहेलदेव के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हों। इस अवसर पर पूर्व प्रधान राजाराम राजभर, रामनिवास राजभर, जितेंद्र राजभर, विश्राम राजभर, मनोज राजभर आदि शामिल रहे।