मुहम्मदाबाद गोहना। पुलिस विभाग की तरफ से चलाए जा रहे ऑपरेशन दृष्टि के तहत सभी संवेदनशील स्थानों पर जन सहयोग एवं सरकारी साधनों से कैमरे लगाने की प्रक्रिया चल रही है। प्रत्येक थाने में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यहां से सभी जगहों पर नजर रखी जाएगी। थाना दक्षिण टोला और मुहम्मदाबाद गोहना में आईपी कैमरा के फीड की लाइव मॉनिटरिंग के दौरान एसपी अविनाश पांडेय की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने कहा कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में इन दिनों ऑपरेशन दृष्टि अभियान चल रहा है। इस अभियान के तहत शहर से लेकर गांव तक, मुख्य सड़क और चौराहों से लेकर गलियों तक सीसीटीवी कैमरे लगाए कराए जा रहे हैं। कोशिश है कि कैमरों के माध्यम से अपराधियाें की पहचान कर कार्रवाई करते हुए आपराधिक घटनाओं में कमी लाई जाए।
कहा कि सीसीटीवी कैमरों की वजह से कई आपराधिक घटनाओं का खुलासा हुआ है। यही वजह है कि अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पूरे उत्तर प्रदेश में ऑपरेशन दृष्टि के नाम से यह अभियान चलाया जा रहा है। कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाना चाहता है तो कैमरा आप को बचाव करेगा। इस के माध्यम से बड़ी से बड़ी घटना दुर्घटना होने रोका जा सकता है।
उप जिलाधिकारी हेमंत चौधरी ने कहा कि गांव में जहां-जहां सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे अब तक नहीं लगे हैं, वहां के ग्राम प्रधानों से अपील करता हूं कि वे लोग सुरक्षा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए कैमरे जरूर लगाएं।
पुलिस उपाधीक्षक डॉ अजय विक्रम सिंह ने कहा कि मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली थाना क्षेत्र मेें 150 सीसीटीवी कैमरे लगवाने का लक्ष्य है।