नगर पालिका परिषद कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। तानाबाना की नगरी में जल्द ही बड़ा ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। जिसमें एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। नगर पालिका ने इसे बनाने की योजना तैयार की है और इसके लिए तीन स्थानों पर जमीन तलाशने का काम भी जोरशोर से शुरू कर दिया है। जमीन मिलते ही इसका बजट बनाकर शासन को भेजा जाएगा। करीब 25 लाख की आबादी वाले जिले में तो साढ़े तीन लाख से ज्यादा आबादी वाले नगर क्षेत्र में काफी समय से बड़ा ऑडोटोरियम बनाए जाने की लोग मांग कर रहे थे। इस महत्वपूर्ण काम को पूरा करने के लिए आखिरकार नगर पालिका ने कवायद शुरू कर दी है। नगर पालिका ने नगर के बीचोबीच एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए पालिका प्रशासन बरपुर, ताजोपुर और बकवल में जमीन चिह्नित करने के प्रयास में जुटा हुआ है। सूत्रों की माने तो दो जगहों पर जमीन चिह्नीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। नपा अधिकारी इन जमीनों को लेकर जांच करा रहे हैं कि संबंधित जमीन पर कोई विवाद तो नहीं है। यह कार्य पूरा हो जाने पर ऑडिटोरियम बनने को रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा। इसके बाद ऑडोटोरियम की डीपीआर बनाकर शासन को भेजी जाएगी। वर्तमान में नगर पालिका के पास करीब 250 क्षमता का कम्युनिटी सेंटर है। इसमें विवाह समारोह के अलावा दूसरे कार्यक्रम होते हैं। ऐसे में एक हजार क्षमता का ऑडोटोरियम बनने के बाद नपा के पास से दो स्थान की सुविधा होगी। साथ ही नगर में बड़े कार्यक्रम भी आयोजित हो सकेंगे। वर्तमान में शहर में बड़े आयोजनो के साथ ही सेमिनार और वर्कशॉप के लिए स्थान नहीं होने से परेशानी होती है। ऐसे में नपा की इस कवायद के पूरा होने के बाद इस तरह के कार्यक्रमों को लेकर आयोजकों को राहत मिलेगी, वहीं नपा का राजस्व बढ़ने से नगर में विकास कार्यो केे गति मिलेगी। पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि एक हजार क्षमता का ऑडोटोरियम बनाने की कवायद की जा रही है। इसके लिए जमीन चिह्नीकरण का काम चल रहा है। जमीन चिह्नित करने के बाद डीपीआर बनाकर बजट शासन को भेजा जाएगा।