प्रशासन की सख्ती के बावजूद जिले के कई शिक्षक समय से विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। बीएसए ने ऐसे 16 लापरवाह शिक्षकों को नोटिस भेजकर एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। उनका एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने रुटिन चेकिंग के दौरान ड्यूटी के समय इन शिक्षकों का लोकेशन विद्यालय से बाहर पाया था। बीएसए कार्यालय के मुताबिक तीन अप्रैल को रतनपुरा ब्लॉक क्षेत्र के बिसुकिया प्राथमिक विद्यालय की शिक्षामित्र पूनम व छह अप्रैल को फतहपुर मंडाव ब्लाॅक के लक्ष्मीपुर प्राथमिक विद्यालय की शिक्षामित्र सीमा यादव विद्यालय से बिना बताए नदारद थी। इसी तरह आठ अप्रैल को रानीपुर ब्लाॅक के मिर्जापुर दक्षिण स्थित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षामित्र सबलराज सिंह, शिक्षामित्र प्रियंका सिंह और घासी ब्लाॅक केे नथनपुरा प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापक गीता रानी, शिक्षामित्र जगदीश यादव अनुपस्थित थे। 10 अप्रैल को बड़रांव ब्लाॅक के भटमीला कंपोजिट विद्यालय के शिक्षामित्र राधेश्याम व नंदिनी ड्यूटी से गायब थी। वहीं, रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के रेता प्राथमिक विद्यालय की शिक्षामित्र पूनम वर्मा, घोसी ब्लॉक के गौरीडीह प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापक प्रेेमशीला, सहायक अध्यापक कुसुम सिंह, दोहरीघाट ब्लाॅक के बुढावर प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक सीताराम यादव, प्रतिमा राय, शिक्षामित्र समिता चौहान, लक्ष्मी देवी वर्मा अनुपस्थित पाए गए थे। इस बाबत बीएसए डॉ.संतोष कुमार सिंह का कहना है कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मोबाइल लोकेशन चेकिंग मेें गायब मिले 16 लापरवाह शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया है। संबंधित शिक्षक से एक सप्ताह के अंदर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।