कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक को संबोधित करते सीडीओ प्रशांत नागर।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने परदहा ब्लॉक में खेल मैदान की खराब प्रगति पर नाराजगी जताई। खंड विकास अधिकारी को काम समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया। वह शुक्रवार को विकास भवन में मनरेगा, पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने मनरेगा के तहतत मानव रोजगार सृजन के बारे में जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि अमृत सरोवर के निर्माण के वर्तमान लक्ष्य को बढ़ाकर 135 कर दिया गया है। मनरेगा के तहत कार्य कर रहे श्रमिकों के आधार फीडिंग का कार्य 96 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है, इससे प्रदेश स्तर पर जिला तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। सीडीओ ने मनरेगा कार्यों, पंचायत भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए ऐप बनाने की सलाह दी, जिससे निर्माण प्रगति का पता चल सके। वहीं परदहा में मानव दिवस कम सृजित होने, समय से भुगतान न होने एवं खेल मैदान निर्माण में खराब प्रगति पर परदहा के खंड विकास अधिकारी को लगन से कार्य करने के निर्देश दिए। गौशाला केंद्रों की समीक्षा के दौरान कान्हा गौशालाओं के निर्माण की कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस द्वारा कार्यों में विलंब करने पर उसके अधिशासी अभियंता को पत्र लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को नियमित गोशालाओं का निरीक्षण करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी अभिषेक शुक्ला, बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष सिंह सहित समस्त खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।