मऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध माध्यमिक विद्यालयों में वर्तमान सत्र में नौवीं तथा 10वीं कक्षा की लिखित परीक्षा नए प्रारूप पर कराई जाएगी। प्रश्नपत्रों के दो खंड होंगे। पहले खंड में पूर्णांक का 30 प्रतिशत अंकों के बहु विकल्पीय प्रश्न होंगे, जिनका उत्तर ओएमआर शीट पर देना होगा। दूसरे खंड में पूर्णांक का 70 प्रतिशत अंकों के वर्णनात्मक प्रश्न होंगे, जिनका जवाब उत्तर पुस्तिका पर लिखना होगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। जिले में यूपी बोर्ड से संबद्ध 517 माध्यमिक विद्यालयों में लगभग दो लाख से अधिक छात्र छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों के सतत मूल्यांकन के लिए पहली बार इसी सत्र में पांच मासिक परीक्षाओं का आयोजन होगा। बहुविकल्पीय प्रश्नों की मासिक परीक्षा जुलाई, नवंबर के अंतिम सप्ताह तथा फरवरी के प्रथम सप्ताह में होंगी। वर्णनात्मक मासिक परीक्षा अगस्त व नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में कराई जाएंगी। अर्द्धवार्षिक की प्रयोगात्मक परीक्षा सितंबर के अंतिम सप्ताह में व अर्द्धवार्षिक लिखित परीक्षा अक्तूबर माह के द्वितीय व तृतीय सप्ताह में होंगी। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के अंक नवंबर माह के प्रथम सप्ताह तक वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। कक्षा नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं व उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन, परीक्षाओं के अंक वेबसाइट पर अपलोड करने का कार्य 16 से 28 फरवरी तक होगा। सभी कक्षाओं में शैक्षणिक सत्र 2022-23 का पाठ्यक्रम 20 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यालयों में करियर काउंसिलिंग कराई जाएंगी। विद्यालयों में सतत विकास का लक्ष्य प्राप्त करने और छात्रों के ड्राप आउट दर को कम करके शत-प्रतिशत नामांकन कराने के लिए प्राथमिक स्कूलों की तर्ज पर माध्यमिक स्कलों का भी ‘स्कूल चलो अभियान’ शुरू किया जाएगा। यूपी बोर्ड से संबद्ध माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 10 व 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी के तीसरे सप्ताह में होंगी। कक्षा 10 व 12 की प्री-बोर्ड की लिखित परीक्षाएं एक से 15 फरवरी तक कराई जाएंगी।कक्षा 10 व 12 की प्री-बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 से 28 फरवरी तक होगा। बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 से 28 फरवरी तक होगी। बोर्ड परीक्षाएं मार्च, 2023 में कराई जाएंगी। डीआईओएस राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों में वर्तमान सत्र में नौवीं तथा 10वीं कक्षा की लिखित परीक्षा नए प्रारूप पर कराई जाएगी। शासन से जारी एकेडमिक कैलेंडर का अनुपालन करने के लिए समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यो को पत्र जारी कर दिया गया है।