इंदारा जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर 3 का हो रहा निर्माण।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। देश में ऐसे कम जिले होंगे, जहां दो जंक्शन होंगे। लेकिन मऊ जिले में इंदारा को लेकर दो जंक्शन हैं। रेलवे ने इसके विकास को लेकर कवायद तेज कर दी है। तीसरे नए प्लेटफार्म बनाने को लेकर कार्य जोरशोर से चल रहा है। ऐसा दोहरीघाट-इंदारा रेल लाइन के तहत किया जा रहा है। रेलवे ने 560 मीटर के एक नए प्लेटफार्म का निर्माण शुरू कर दिया है। वर्तमान में यहां दो प्लेटफार्मो से रुकने वाली 12 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है। लेकिन 2018 में छोटी रेल लाइन इंदारा-दोहरीघाट को बड़ी रेल लाइन में बदलने का कार्य तेजी से पूरा होता देख यहां अलग से प्लेटफार्म बनाने की कवायद शुरू की गई। नया प्लेटफार्म इंदारा बाजार से जाते ही टिकट घर के बगल में दक्षिण तरफ बनाया जा रहा है। इसकी लंबाई 560 मीटर है। बनने के बाद इसे जंक्शन के प्लेटफार्म तीन के नाम से जाना जाएगा। वहीं, विद्युतीकरण के दौरान तोड़ दिए गए फुट ओवरब्रिज की जगह नया फुट ओवरब्रिज बनाने का कार्य भी चालू है। पूवोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि दोहरीघाट-इंदारा रेलवे लाइन को लेकर इंदारा जंक्शन पर एक अन्य प्लेटफार्म बनाने का कार्य किया जा रहा है। इससे यात्रियों को बहुत सहूलियत मिलेगी। सुविधाएं भी बढ़ जाएंगी।