कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी अरूण कुमार।सं?
- फोटो : MAU
मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में निर्वाचन आयोग के मतदेय स्थलों के संबंध में जारी नए दिशा निर्देशों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिसमें बताया गया कि नए निर्देशों के तहत अब एक बूथ पर अधिकतम 1500 मतदाता होंगे। जिलाधिकारी ने आयोग ने हर मतदेय स्थल पर अधिकतम 1500 वोटरों की संख्या रखने को कहा है। पहले 1200 मतदाता हो सकते थे। इसके लिए जिले में चार अगस्त से कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि प्रत्येक बूथ पर अपने एक बीएलओ की तैनाती अवश्य करें। आयोग ने निर्देश दिया है कि इस बात ध्यान रखा जाए कि मतदाता के घर से बूथ की दूरी दो किलोमीटर से अधिक न हो। अगर किसी केंद्र पर दो बूथ हैं तो 1500 मतदाता प्रति मतदेय स्थल के रूप में समायोजित करने की कोशिश की जाए। किसी बूथ पर अगर 500 मतदाता है तो दूसरे अन्य बूथ से जोड़ने की कोशिश हो। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में कुल 1960 बूथ हैं जिनमें संभाजन के उपरांत 199 बूथ कम हो जाएंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मतदेय स्थलों के संभाजन के दौरान आपत्तियों को समय से उपलब्ध कराने को कहा, जिससे उनका समय से निस्तारण हो सके। उन्होंने इस कार्य में लोगों को जागरूक कर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने मतदाताओं से 21 अगस्त तक आधार नंबर बूथों पर लगने वाले विशेष कैंपों में उपलब्ध कराने की भी अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।