जिले के माध्यमिक विद्यालयों में छठी से दसवीं कक्षा में अध्ययनरत बच्चों के अंदर की प्रतिभा को निखारने के लिए शुरू की गई इंस्पायर अवॉर्ड योजना में जिले के कई विद्यालयों के प्रधानाचार्य आवेदन कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं। समीक्षा में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से आवेदन न आने के चलते जिला विद्यालय निरीक्षक ने दस सहायता प्राप्त कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी किया है। साथ ही 20 सितंबर तक आवेदन न कराने की स्थिति में संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को वेतन रोकने की चेतावनी दी है।
जिले मेें 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में छठी से दसवीं कक्षा में अध्ययनरत बच्चों के अंदर की प्रतिभा को निखारने के लिए इंस्पायर अवॉर्ड योजना शुरू की गई है। पहली जुलाई से शुरू हुई इंस्पायर अवॉर्ड योजना के तहत स्कूली बच्चों को प्रोत्साहित करने की प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी दी गई है। जनपद में संचालित समस्त माध्यमिक विद्यालयों को अपने-अपने स्कूल के पांच-पांच छात्रों को आवेदन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद इंटर कॉलेज बोझी, गांधी उमा विद्यालय छिछोर, डीएवी बालिका इंटर कॉलेज, शांतानंद स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज अमिला, एसजीडी सिंहेल बालिका इंटर कॉलेज फतेहपुर, सोनीधापा बालिका इंटर कॉलेज, संत विनोवा भावे इंटर कॉलेज सिपाह, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मुजार बुजुर्ग सहित 10 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से ऑनलाइन आवेदन नहीं कराया जा सका है। जबकि इसके पूर्व कई बार पत्र भी जारी किया जा चुका है। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश कुमार सिंह का कहना है कि 20 सितंबर 2024 तक समस्त माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य अपने-अपने विद्यालय से पांच-पांच बच्चों का ऑनलाइन आवेदन कराएं। अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।