मऊ। तीसरे चरण के लॉक डाउन में शासन की मंजूरी पर जिला प्रशासन ने लोगों को काफी राहत देने का काम किया। इस दौरान गैर प्रांतों में फंसे लोगों में से अबतक छह हजार एक सौ 22 लोगों का जत्था मऊ पहुंच चुका है। अभी भी लोगों के आने का क्रम जारी है। इसमें से संदिग्ध मिले 1385 लोगों को क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया है। जबकि मऊ से देर रात तक 450 लोगों को गैर प्रांत भेजा जा चुका है। यह जानकारी जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने शुक्रवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि जिले में फंसे जिन लोगों ने अपना पंजीकरण कराया था, उन्हें भेजा जा चुका है। अभी 75 लोगों को सुबह झारखंड के लिए रवाना किया जाएगा। ये सभी मजदूरी का काम मऊ में करते थे। बताया कि शु्क्रवार को दुकान खोलने की अनुमति के लिए नौ सौ लोगों ने आवेदन किया था। लेकिन अधिकांश के पास जीएसटी नंबर न होने के कारण उनका पास रद्द कर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कचहरी खुली है, लेकिन कचहरी वो ही जाए, जिनकी आवश्यकता हो। बोले जिले में वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है। ऐसे में यदि वकीलों को रोका जाए तो बुरा न मानें बल्कि अपना आईकार्ड पुलिस को दिखाए।