परदहां विकास खंड के सरवां गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पर जाने के लिए रास्ता नहीं होने पर पगडंडि?
- फोटो : MAU
बढुआगोदाम। परदहां विकास खंड क्षेत्र के सरवां गांव के चौहान बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय जाने के लिए रास्ता नहीं बन सका है। इससे बच्चों को पगडंडी के सहारे जाना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है। 2008 में प्राथमिक विद्यालय बना। विद्यालय में 106 छात्रों का नामांकन है। एक प्रधानाध्यापक, दो सहायक शिक्षक सहित दो शिक्षामित्रों की तैनाती है। विद्यालय बनने के 14 वर्ष बाद भी स्कूल जाने के लिए संपर्क मार्ग नहीं बनाया जा सका है। हालत यह है कि शिक्षकों एवं बच्चों को पगडंडी से होकर आना-जाना पड़ता है। बरसात के दिनों में हल्की बारिश होने पर रास्ते पर कीचड़ हो जाता है जबकि तेज बारिश होने पर खेतों में पानी इकट्ठा होने पर आवागमन बंद हो जाता है। अभिभावक संजीव यादव, श्रीकांत प्रसाद, जर्नादन राम का कहना है कि विद्यालय तक पहुंचने के लिए पगडंडी से बच्चों को स्कूल आना-जाना पड़ता है। प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक प्रीती सिंह ने बताया कि विद्यालय जाने के लिए रास्ता निर्माण के मामले में विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।