मऊ। प्रशासन ने दीपावली पर पटाखों की बिक्री के स्थानों को चिह्नित कर दिया है। जिला मुख्यालय पर सोनीधापा बालिका इंटर कालेज के सामने पटाखों की बिक्री होगी। अन्य क्षेत्रों में आठ स्थान तय किए गए हैं। पटाखों की बिक्री 21 से 23 अक्तूबर तक ही हो सकेगी। बाजारों, दुकानों और घरों में पटाखों की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि पटाखों की बिक्री प्रशासन के तयशुदा स्थानों पर ही की जाएगी। हालांकि इस दौरान दुकान के आसपास आग बुझाने के उपकरण रखने अनिवार्य होंगे। पटाखों के लिए अस्थायी लाइसेंस लेना जरूरी है। तयशुदा स्थानों के अलावा अगर पटाखों की बिक्री अन्यत्र मिली तो पटाखा जब्त करने के साथ ही जुर्माना वसूला जाएगा और मुकदमा दर्ज होगा।
सभी नौ ब्लाकों और नगरीय क्षेत्रों के 1200 प्रशिक्षित अग्नि सचेतक पटाखों से होने वाली घटनाओं से सुरक्षा के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। साथ ही अगर कोई घटना हो जाती है तो अग्निशमन दल के कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने के लिए मदद भी करेंगे। ये अग्निसचेतक सभी ब्लाकवार वाट्सऐप ग्रुप से फायर सर्विस के नोडल कर्मियों के साथ जुड़े हैं। पटाखों की बिक्री के लिए नौ स्थानों को सुरक्षित निर्धारित किया गया है। जिला मुख्यालय पर सोनीधापा इंटर कालेज का मैदान, सहादतपुरा, रामलीला मैदान, पिपरीडीह रामलीला मैदान, मझवारा रोड घोसी, विक्ट्री इंटर कालेज का मैदान, दोहरीघाट, नॉर्मल स्कूल का मैदान,निकट-कलेंडर तिराहा, मुहम्मदाबाद गोहना, नेहरू इंटर कालेज का मैदान, रतनपुरा, कोपागंज थाना के पीछे का मैदान, चिरैयाकोट थाना के पास का मैदान, स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज का मैदान पांती मधुबन।