नगर पालिका और नगर पंचायतों में नई सरकार का गठन करने के लिए शुक्रवार को 11 अध्यक्षों के साथ सभासदों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपस्थित नवनिर्वाचित चेयरमैन और सभासदों के समर्थक उत्साहित दिखे। नगरपालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन अरशद जमाल तथा 45 सभासदों का शपथग्रहण समारोह नगरपालिका के सामने शाही कटरा के मैदान में आयोजित किया गया। उपजिलाधिकारी सदर आनंद कन्नौजिया ने नवनिर्वाचित चेयरमैन अरशद जमाल तथा सभासदों को पद की शपथ दिलाई। खराब मौसम के बाद भी समर्थकों में दिखा
नगरपालिका तथा नगर पंचायतों में आयोजित शपथग्रहण के दौरान कहीं बूंदाबांदी तथा बारिश के बाद भी नवनिर्वाचित चेयरमैन तथा सभासदों के समर्थक उत्साहित नजर आए। भीगकर समारोह स्थल जाते देखे गए। कहीं-कहीं छाता के साथ लोग नजर आए।
इस मौके पर नवनिर्वाचित चेयरमैन अरशद जमाल ने कहा कि नगरवासियों ने जो जिम्मेदारी सौंपी है। उनके सपने को साकार करना ही मुख्य उद्देश्य है। नगरपालिका को स्वच्छ बनाने के साथ ही सभी वार्डों को माडल वार्ड के रूप में विकसित करना पहली प्राथमिकता होगी। नगर विकास मंत्री एके शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कार्य कर चुके हैं। उनके अनुभवों का लाभ उठाकर नगरपालिका को विकसित बनाएंगे। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगरपालिका दिनेश कुमार, सफाई व खाद्य निरीक्षक सत्यप्रकाश, बसपा सांसद अतुल राय के प्रतिनिधि गोपाल राय, पूर्व सांसद सालिम अंसारी, बसपा जिलाध्यक्ष राजविजय, डाॅ. संजय सिंह आदि शामिल रहे।
नगर पंचायत को विकसित बनाना ही मुख्य उद्देश्य: नवनिर्वाचित चेयरमैन
चिरैयाकोट। नगर पंचायत से नवनिर्वाचित चेयरमैन रामप्रताप यादव के साथ 15 सभासदों का शपथग्रहण समारोह नगर पंचायत प्रांगण में आयोजित किया गया।
उपजिलाधिकारी अवधेश चौहान ने नवनिर्वाचित चेयरमैन सहित सभासदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित चेयरमैन रामप्रताप यादव ने कहा कि नगर पंचायत को विकसित बनाना ही मुख्य उद्देश्य है। मेरी नजर में सभी नगरवासी समान हैं। मेरे द्वारा किसी के भी साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर ईओ अखिलेश यादव, मुहम्मदाबाद गोहना विधायक राजेंद्र राम, जयप्रताप यादव, हनुमान यादव, भीम मौर्य, सुभाष जायसवाल, राणाप्रताप यादव, शिवचंद साहू आदि उपस्थित रहे।
अधूरे कार्य को पूरा करने का भरपूर प्रयास: नवनिर्वाचित चेयरमैन
वलीदपुर। नगर पंचायत से नवनिर्वाचित चेयरमैन सावित्री देवी के साथ 16 सभासदों का शपथग्रहण समारोह नगर पंचायत प्रांगण में आयोजित किया गया। उप जिलाधिकारी अवधेश चौहान ने नवनिर्वाचित चेयरमैन तथा सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर नवनिर्वाचित चेयरमैन सावित्री देवी ने कहा कि हम चेयरमैन पद की गरिमा बनाए रखेंगे। अधूरे कार्य को पूरा करने का भरपूर प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. यूपी द्विवेदी, प्रवीण राय,हरिकेश यादव, बलवीर यादव, शेरू यादव आदि शामिल रहे।
-
नगर पंचायत की जनता की उम्मीदें पूरी होंगी : नवनिर्वाचित चेयरमैन
मधुबन। नगर पंचायत से नवनिर्वाचित चेयरमैन आरती मल्ल के साथ 15 सभासदों का शपथग्रहण समारोह जूनियर हाई स्कूल मधुबन के प्रांगण में आयोजित आयोजित किया गया। एसडीएम मनोज कुमार तिवारी ने नव निर्वाचित चेयरमैन आरती मल्ल 15 सभासदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर नवनिर्वाचित चेयरमैन आरती मल्ल ने कहा कि नगर पंचायत की जनता ने जिन उम्मीदों के साथ उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है, वह पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निभाएंगी। नगर पंचायत में सबसे बड़ी समस्या जल निकासी की है। जिसका सबसे पहले समाधान होगा।समारोह के दौरान नवनिर्वाचित नगर पंचायत चेयरमैन आरती मल्ल एवं उनके पति प्रशांत मल्ल द्वारा नगर पंचायत के कुल 15 वार्डों से चुने गए सभासदों को अंगवस्त्रम एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान ईओ नगर पंचायत मधुबन मनोज कुमार यादव, समाजसेवी भरत भैया, पप्पू मिश्र,अरुण कुमार उर्फ़ गुड्डू मल्ल, आलोक मल्ल, राधेश्याम सिंह, बबलू ठठेरा, मीरा यादव, सोनू मल्ल, छोटू आदि शामिल रहे। वहीं दोनों लोगों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित नगर पंचायत मधुबन के कई संभ्रांत लोगों एवं चुनाव के दौरान कदम से कदम मिलाकर चलने वाले ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।अध्यक्षता गिरजा शंकर मौर्य तथा संचालन अरुण मल्ल ने किया।
सबका साथ सबका विकास की अवधारणा पर होगा विकास: नवनिर्वाचित चेयरमैन
घोसी। नगर पंचायत घोसी से नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुन्ना प्रसाद गुप्ता के साथ 18 सभासदों का शपथग्रहण समारोह
सीओ कार्यालय के पीछे स्थित मैदान में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। एसडीएम सुरेश कुमार ने नवनिर्वाचित चेयरमैन सहित 18 सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर नवनिर्वाचित चेयरमैन मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने कहा कि सबका साथ सबका विकास की अवधारणा पर सबको साथ लेकर नगर का सर्वांगीण विकास करना ही लक्ष्य है। किसी के साथ किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं होगा। सभी को समान अधिकार एवं सम्मान देने का कार्य किया जाएगा। अब तक उपेक्षित रहे वार्डों के विकास पर नागरिकों एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं से सलाह लेकर विकास कार्य किए जाएंगे। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने एक संघर्षशील एवं जनहित में कार्य करने वाले अध्यक्ष का चुनाव करके भारतीय जनता पार्टी को सम्मान देने का कार्य किया है। भारतीय जनता पार्टी घोसी नगर के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। केंद्र एवं प्रदेश की सरकार विकास के लिए हर संभव मदद की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सिंह ने शपथ ग्रहण समारोह में आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया। शपथ ग्रहण समारोह को भाजपा के प्रदेश मंत्री शकुंतला चौहान, जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, गिरिजापति राय, प्रदेश कार्य समिति की सदस्य रुखसाना नकवी आदि शामिल रहीं।
नगर पंचायत केे सभी वार्डों में समान रूप से किया जाएगा विकास: नवनिर्वाचित चेयरमैन
अमिला। नगर पंचायत अमिला के नव निर्वाचित चेयरमैन सविता देवी के साथ 15 सभासदों का शपथग्रहण समारोह अमिला नगर के पांडेयपुरा (शिवनगर) स्थित हनुमान मंदिर के मैदान में आयोजित किया गया। एसडीएम घोसी सुरेश कुमार ने नवनिर्वाचित चेयरमैन तथा सभासदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर नवनिर्वाचित चेयरमैन सविता देवी ने कहा कि नगर पंचायत केे सभी वार्डों में समान रूप से विकास किया जाएगा।
नगर पंचायत को स्वच्छ बनाने के साथ विकसित बनाना ही पहली प्राथमिकता है। मुख्य अतिथि डॉ. रामविलास भारती ने अपने संबोधन में कहा कि नगर के संपूर्ण विकास की रूपरेखा तय कर धरातल पर उतारें। इस दौरान सीओ नरेश उत्तम, कोतवाल अनिल तिवारी,रतन लाल पाठक आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, रामजतन,देवेंद्र राय,पूर्व चेयरमैन अजय गुप्ता, रामप्रवेश राय आदि शामिल रहे।
मतदाताओं के विश्वास पर खरा उतरना है: नवनिर्वाचित चेयरमैन
दोहरीघाट। नगर पंचायत दोहरीघाट के नवनिर्वाचित चेयरमैन विनय कुमार जायसवाल के साथ 11 सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह पार्वती डिग्री कॉलेज के प्रांगण में आयोजित किया गया। उप जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने नवनिर्वाचित चेयरमैन तथा सभासदों को शपथ दिलाई।
इस मौके पर नवनिर्वाचित चेयरमैन विनय कुमार जायसवाल ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे इस अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया है मैं उनके विश्वास को टूटने नहीं दूंगा, मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। बिना किसी भेदभाव से नगर पंचायत में विकास किया जाएगा। इस दौरान विपिन द्विवेदी, संतोष राय, ब्लॉक प्रमुख दोहरीघाट प्रदीप राय उर्फ राजू, अखिलेश तिवारी आदि शामिल रहे।
-
नगर पंचायत को विकसित बनाना ही मुख्य उद्देश्य: नवनिर्वाचित चेयरमैन
कोपागंज। नगर पंचायत से नवनिर्वाचित चेयरमैन अमीना सिद्दीकी सहित 17 सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह नगर पंचायत के प्रांगण में आयोजित किया गया। अतिरिक्त उपजिलाधिकारी अशोक कुमार ने नवनिर्वाचित चेयरमैन तथा सभासदों को शपथ दिलाई। इस मौके पर नवनिर्वाचित चेयरमैन अमीना सिद्दीकी ने कहा कि जिस सोच के साथ लोगों ने उन्हें चुना है, वह उनकी हर उम्मीद पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
इसी क्रम में नगर पंचायत कुर्थीजाफरपुर की चेयरमैन जफर अहमद के साथ 15 सभासदों का शपथग्रहण समारोह नगर पंचायत कार्यालय के समीप स्थित प्रांगण में आयोजित किया गया। अतिरिक्त उपजिलाधिकारी अशोक कुमार ने नव निर्वाचित चेयरमैन जफ़र अहमद तथा सभासदों को शपथ दिलाई। इस मौके पर नवनिर्वाचित नगर पंचायत चेयरमैन जफर अहमद ने कहा कि नगर पंचायत को स्वच्छ बनाने के साथ नगर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य किया जाएगा। इस दौरान अरशद रेयाज, तैयब पालकी ,बुद्धिराम राजभर,नेसार अहमद, हामिद अंसारी ,शकिम बिन हेलाल आदि शामिल रहे।
-
अब इंदु देवी के कंधों पर विकास, शपथ ग्रहण के बाद संभाला अध्यक्ष पद का कार्यभार
मुहम्मदाबादगोहना। स्थानीय नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष इंदु देवी को शुक्रवार को पद की शपथ दिलाई गई। उप जिलाधिकारी अवधेश चौहान ने नवनिर्वाचित चेयरमैन इंदु देवी तथा 18 सदस्यों को शपथ दिलाई। नगर पंचायत के सभागार में आयोजित समारोह में भारी भीड़ की मौजूदगी में जब इंदु देवी ने शपथ ग्रहण किया तो पूरा हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान मौजूद लोगों ने इंदु देवी को फूल माला से लाद दिया। शपथ के बाद उन्होंने सभी समर्थकों और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि बिना किसी भेदभाव के पूरे नगर का विकास कराने का प्रयास करूंगी। कहा कि था नगर हम सभी का है। इसे स्वच्छ और सुंदर बनाने में सभी का सहयोग और सुझाव अपेक्षित है। इस अवसर पर उनके पुत्र दीपक डायमंड ने भी सभी मतदाताओं के समर्थन और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक डॉ. अजय विक्रम सिंह, कोतवाल संजय तिवारी ,अधिशासी अधिकारी रामस्मुख, ज्ञानेंद्र पांडेय सहित अन्य कर्मचारी और गण्यमान्य मौजूद रहे।
-
नगरीय निकाय के घोषित परिणाम के विरुद्ध दायर की जा सकती है याचिका
मऊ। उत्तर प्रदेश के नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के अंतर्गत नगरपालिका, नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं सदस्यों के निर्वाचन के संबंध में किसी भी प्रकार की निर्वाचन याचिका सक्षम न्यायालय में ही दायर की जा सकती है।
इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग को किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं रह जाता है। नगरीय निकायों की घोषित परिणाम के विरुद्ध किसी भी प्रकार की चुनौती सिर्फ सक्षम न्यायालय में ही निर्वाचन याचिका दायर कर मांग प्राप्त किया जा सकता है।
-
जोड़ निकाय में शपथ ग्रहण समारोह
नगर पंचायत में विकास गति तेज करना ही मकसद
इंदारा। नगर पंचायत अदरी की चेयरमैन संगीता जायसवाल अध्यक्ष के साथ पांच सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को अदरी नगर पंचायत कार्यालय के बगल में समारोह का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उप जिलाधिकारी अशोक कुमार ने नवनिर्वाचित चेयरमैन संगीता जायसवाल तथा पांच सभासदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर नव निर्वाचित चेयरमैन संगीता जायसवाल ने कहा कि सभी भेदभाव भुलाकर नगर में विकास कार्य तेजी से किया जाएगा। पूर्व चेयरमैन राजकुमार जायसवाल ने कहा कि अदरी नगर पंचायत की तस्वीर बदलने जा रही है।उन्होंने कहा कि नगरवासियों के सपने को साकार किया जाएगा।इस अवसर पर अमरनाथ कुमार, ईओ राणा प्रताप यादव, चून्नू खां,वसीम खां, राजेश , राजाराम आदि शामिल रहे।