मऊ। अर्हता तिथि एक जनवरी, 2027 के आधार पर सर्विस मतदाताओं से संबंधित निर्वाचक नामावलियों के अंतिम भागों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समस्त कार्रवाई समयबद्ध एवं नियमानुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 17 नवंबर निर्वाचक नामावलियों के अंतिम भागों का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। 17 नवंबर से 16 दिसंबर, 2026 तक रिकॉर्ड अधिकारियों/कमांडिंग अधिकारियों/संबंधित प्राधिकारियों द्वारा प्रपत्र प्राप्त करने, उनके सत्यापन एवं स्कैनिंग तथा एक्सएमएल फाइल तैयार करने और हस्ताक्षरित एवं सत्यापित प्रपत्रों सहित एक्सएमएल फाइल अपलोड करने की कार्रवाई की जाएगी। 28 दिसंबर तक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षरित एवं सत्यापित प्रपत्रों तथा एक्सएमएल फाइलों का निस्तारण करने के साथ ही अपूर्ण प्रपत्रों/एक्सएमएल फाइलों को वापस करने की कार्रवाई पूर्ण की जाएगी। 4 जनवरी निर्वाचक नामावलियों के अंतिम भागों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।