नगर के सहादतपुरा स्थित किराना की दुकान से पूजन सामग्री खरीदते ग्राहक।
- फोटो : MAU
मऊ। जिले के विभिन्न इलाकों में चल रही नवरात्र की तैयारी मंगलवार को पूरी हो गई। पूर्व संध्या पर भक्तों ने पर्व की सारी तैयारियां पूरी कर ली। इस बार भी नौ दिनों तक होने वाली मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा धूमधाम से होगी। श्रद्धालु घरों में ही कलश स्थापना कर मां दुर्गा के विभिन्न स्वरुपों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन अर्चन करेंगे। बुधवार से नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में नवरात्र मनाया जाएगा। पूर्व संध्या पर नगर के सहादतपुरा, चौक, मिर्जाहादीपुरा, रौजा सहित जिले के घोसी, मधुबन, मुहम्मदाबादगोहना सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार से शुरू हो रहे नवरात्र को लेकर उत्साह का माहौल रहा। लोग घरों को साफ सुथरा करने में लगे रहे। पूर्व संध्या पर लोगों ने पूजा सामग्री सहित अन्य सामानों की जमकर खरीदारी की। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते नगर स्थित शीतलामाता धाम, वनदेवी धाम सहित प्रमुख मंदिरों को बंद कर दिया गया है। मुहम्मदाबादगोहना कस्बा निवासी पं. विरेंद्र शुक्ल ने बताया कि नौ दिवसीय नवरात्र बुधवार से शुरू हो जाएगा। मंगलवार को अपराह्न 1.43 बजे से प्रतिपदा लग गई। सूर्योदय 5.57 बजे होगा। ऐसे मेें पूर्वाह्न 6.54 बजे से पूर्वाह्न 8.31 बजे कलश स्थापना का सर्वोत्तम मुहुर्त है। प्रतिपदा अपराह्न 3.51 बजे तक रहेगी। बढुआगोदाम / पिपरीडीह: क्षेत्र के बढुआगोदाम, ताजोपुर, डुमरांव, पिपरीडीह, उस्मानपुर, रैकवारडीह सहित विभिन्न इलाकों में चल रही नवरात्र की तैयारी पूरी हो गई। लोग घरों की साफ सफाई करने में लगे रहे। साथ ही पूजा सामग्री सहित अन्य सामानों की खरीदारी की।