मऊ। बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा वर्तमान में नगर पालिका मऊ के अध्यक्ष तैयब पालकी ने मंगलवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। नपाध्यक्ष के इस्तीफा का पत्र कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ऐसे में बसपा को झटका लगा है। बीएसपी जिलाध्यक्ष को सौंपे इस्तीफे में नपाध्यक्ष ने पार्टी से इस्तीफा देने की वजह पार्टी द्वारा अल्पसंख्यक, मुस्लिम, दलित की उपेक्षा होना बताया है। पत्र में तैयब पालकी ने लिखा है कि वह पांच वर्षो से पार्टी से जुड़कर पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे थे। लेकिन वर्तमान समय में मुस्लिम, अल्पसंख्यक, दलित, पिछड़े, अति पिछड़े, बुनकर और सामान्य वर्ग के लोगों की पार्टी में उपेक्षा की जा रही है। पार्टी में रहकर जनहित की आवाज उठाना उनके लिए कठिन हो रहा था। जिसके चलते मजबूरन उन्होंने मंगलवार को बसपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दिया है। बसपा जिलाध्यक्ष राज विजय ने बताया कि तैयब पालकी का इस्तीफा उन्हें नहीं मिला है, हालांकि सोशल मीडिया पर उनके द्वारा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को संबोधित इस्तीफा सौंपे जाने की जानकारी उनके संज्ञान में है।