नगर पंचायत के अध्यक्ष और सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया। मतदान के बाद मतदाताओं ने उम्मीद जताई है कि नए चेयरमैन कस्बे की जलनिकासी सहित कई समस्याओं का समाधान कराएंगे। मतदाताओं ने कहा कि नगर पंचायत दोहरीघाट में अनेक समस्याएं हैं। कमला तिवारी का पूरा मोहल्ले के गौरीशंकर घाट रोड पर पानी निकासी की समस्या गंभीर है। थोड़ी सी बारिश होने पर पानी सड़क पर जमा हो जाता है। लोगों का मुक्तिधाम पर जाना दुश्वार हो जाता है। मतदाताओं ने कहा कि यह रोड मुक्ति धाम को जोड़ता है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आते हैं। उनका कहना था कि रोड पर नालियां तो बन गई हैं लेकिन वे इतनी पतली हैं कि उनसे पानी का निकासी नहीं हो पाती। नालियों के जाम रहने से भीषण दुर्गंध आती है। नालियों के जाम रहने से मच्छरों की भरमार है।
मतदान करके लौट रहे मुहल्ले के नीरज मद्धेशिया, भोला, रिषि चौधरी, राम रतन लाल, रितेश गुप्ता ने बताया कि उम्मीद है कि नए चेयरमैन कस्बे की समस्याओं का गंभीरता से निदान कराएंगे।