मऊ। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन कलेक्ट्रेट के पुस्तकालय कक्ष में बुधवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा में अधिवक्ताओं ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने कहा कि मुलायम सिंह ने समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कल्याणकारी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया।
उन्होंने स्वतंत्र भारत के इतिहास में न्यायालय परिसर में न्याय के मंदिर में प्रदेश के लाखों अधिवक्ताओं की पीड़ा को महसूस करके प्रदेश के सभी कचहरी परिसरों में अधिवक्ता कक्षों,पुस्तकालय कक्षों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए किसान बीमा दुर्घटना की तर्ज पर 2012 में सपा सरकार पांच लाख की आकस्मिक दुर्घटना सहायता राशि देने का प्रावधान किया। स्व. मुलायम सिंह अपने रक्षा मंत्री के कार्यकाल में देश की सरहदों की हिफाजत में शहीद होने वाले जवानों के शव राजकीय सम्मान के साथ उनके घरों तक पहुंचाने का प्रबंध किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संघ के अध्यक्ष ईश्वर चंद्र पाठी ने स्व. मुलायम सिंह की स्मृतियों को सहेजने के लिए प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि और जयंती मनाने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि सभा को वरिष्ठ अधिवक्ता हरिद्वार राय, विनोद कुमार पांडे, सत्य प्रकाश सिंह, जवाहरलाल पांडे, कमला प्रसाद यादव, चेत सिंह, सत्य राम यादव, तहसील बार सदर के अध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, तहसील बार घोसी के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह सहित मधुबन मोहम्मदाबाद गोहना व टैक्स बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नेता जी को श्रद्धांजलि दी। संचालन पूर्व महामंत्री अतुल कुमार राय ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता पीएम सिंह, विद्यानिधि उपाध्याय ,राम बचन यादव, पारसनाथ यादव, दिनेश राय, रामकिशोर लाल श्रीवास्तव, चंद्रशेखर उपाध्याय, नजमुल इस्लाम, शमशाद अहमद, असलाम एडवोकेट सहित काफी संख्या में अधिवक्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित किया।