वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सहुआरी गांव के ग्राम प्रधान को मुख्तार अंसारी का नजदीकी बनकर एक बदमाश ने अनजान नंबर से जान से मारने की धमकी दी है। फोन करने वाले ने धमकाया कि दस दिन के अंदर उसे जान से मार दिया जाएगा। धमकी से प्रधान और परिजन दहशत में हैं।प्रधान की तहरीर पर पुलिस जांच में जुट गई है। सहुआरी गांव निवासी उमेश चंद्र यादव दूसरी बार ग्राम प्रधान बने हैं। शनिवार की सुबह 10 बजे उनके मोबाइल पर अनजान व्यक्ति का 7569960450 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने प्रधान से नाम पता पूछा और कहा कि उसे 10 दिन में जान से मार दिया जाएगा। प्रधान ने धमकी देने वाले व्यक्ति से नाम पता पूछा तो उसने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि मुख्तार अंसारी का आदमी बोल रहा हूं। तुम अब अधिक दिन तक नहीं बच पाओगे। धमकी से भयभीत प्रधान उमेश चंद यादव ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और रविवार को कोतवाली पहुंचकर बदमाश के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी शैलेश सिंह ने बताया कि प्रधान की तहरीर पर जांच की जा रही है।