मऊ। विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए की कोर्ट में सोमवार को राम सिंह मौर्या और सिपाही सतीश की हत्या के मामले में आरोपी मुख्तार अंसारी की पेशी बांदा जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई। विशेष जज दिनेश कुमार चौरसिया ने मामले में अगली पेशी के लिए 18 अप्रैल की तिथि नियत की। मामला दक्षिण टोला थाना क्षेत्र का है।अभियोजन के अनुसार, वादी मुकदमा अशोक कुमार सिंह की तहरीर पर दक्षिण टोला थाने में मुख्तार अंसारी सहित पांच लोगों को नामजद किया गया था। आरोप है कि19 मार्च 2010 को अजय प्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह की हत्या के मामले के गवाह राम सिंह मौर्य और उनकी सुरक्षा में लगे सिपाही सतीश की तत्कालीन एआरटीओ कार्यालय के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना कर आरोप पत्र कोर्ट में प्रेषित किया। मामले में दोनों पक्षों की गवाही पूर्ण हो चुकी है। पत्रावली में बहस होना है। मामले में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बांदा जेल से मुख्तार अंसारी की पेशी हुई। इस दौरान मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दारोगा सिंह उपस्थित रहे। विशेष न्यायाधीश ने मामले मे अगली सुनवाई के लिए 18 अप्रैल की तिथि नियत की।