मऊ। विधायक निधि के दुरुप्रयोग के मामले में आरोपी बनाए गए विधायक मुख्तार अंसारी की पेशी मंगलवार को सीजेएम कोर्ट मे होगी। सीजेएम फर्रूख इमाम सिद्दिकी ने विवेचक की अर्जी पर सुनवाई के बाद मुख्तार अंसारी को बी वारंटी जारी किया। साथ ही जेल अधीक्षक बांदा को उन्हें कोर्ट मे पेश करने के लिए 22 जून की तिथि नियत किया है। मामला जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र का है। मामले के अनुसार प्रभारी निरीक्षक सरायलखंसी राम सिंह की तहरीर पर विधायक निधि के दुरुपयोग के बाबत रिपोर्ट दर्ज हुई। इसमें सदर विधायक मुख्तार अंसारी के अलावा सरवां गांव निवासी आनंद, बैजनाथ और संजय सागर को आरोपी बनाया गया। आरोप है कि आरोपीगण आनंद, बैजनाथ और संजय सागर ने विद्यालय के भवन के निर्माण हेतु विधायक मुख्तार अंसारी के निधि से धन लिया। मौके पर निर्माण नहीं कराया, जांच में विधायक निधि के दुरुपयोग का मामला प्रकाश में आया। जिस पर सरायलखंसी थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई। मामले की विवेचना कोतवाली प्रभारी डीके श्रीवास्तव कर रहे हैं । विवेचक की अर्जी पर सीजेएम ने बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी का रिमांड बनाए जाने के लिए जरिए बी वारंट तलब किया है। पुलिस ने मुख्तार अंसारी को वारंट बी का तामिल भी करा दिया है।