बढुआगोदाम। सरायलंखसी थाने पुलिस ने एक गांव के प्रधान से रंगदारी मांगने के मामले में मुख्तार अंसारी के करीबी सहित दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में मुख्तार के करीबी को गिरफ्तार कर न्यायालय से जेल भेज दिया। मुकदमे के अनुसार बृजेश सिंह पुत्र स्व. कमल सिंह सरायलखंसी थाना क्षेत्र के खरगजेपुर गांव के निवासी है और वर्तमान में वह ग्राम प्रधान है। बृजेश का आरोप है कि बीते पांच और छह माह पहले मेरे गांव के राजेश सिंह उर्फ राजन सिंह और उमेश सिंह पुत्रगण स्व. रामवृक्ष सिंह पुलिस लाइन, मऊ स्थित परदहा ब्लाक रोड पर मेरी गाड़ी के आगे अपने गाड़ी लगाकर मुझे रोक लिया और मुझसे कहा कि तुम्हारे पास बहुत पैसा है। ब्लाक पर अकेले आते-जाते हो। यदि सुरक्षित रहना चाहते हो तो एक लाख रुपये दे दो, नहीं तो तुम्हें जान से हाथ धोना पड़ेगा। बृजेश का कहना है कि उन्होंने डहकर आरोपियों को एक लाख रुपये दे दिया था। इसके बाद 16 अक्टूबर को मेरे मित्र रविंद्र सिंह मऊ किसी काम से आए थे। कचहरी मोड़ के पास राजेश सिंह और उमेश सिंह ने रविंद्र सिंह को गाली देते हुए कहा कि अपने मित्र बृजेश सिंह प्रधान से कह दो कि पहले की तरह एक लाख रुपये एक हफ्ते के अंदर पहुंचा दे, नहीं तो जान से हाथ धो बैठेगा। अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर पद दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर राजेश सिंह उर्फ राजन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह आरोपी मुख्तार अंसारी का करीबी है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।