मऊ कचहरी परिसर में तैनात फोर्स
- फोटो : अमर उजाला
फर्जी हथियार मामले में मुख्तार अंसारी समेत चार लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मऊ के दक्षिण टोला थाने में केस दर्ज किया गया था। बांदा जेल से अभी तक मुख्तार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से ही पेश किया जाता रहा है। यह पहली बार है जब मुख्तार को जिले में पेश होने के लिए लाया गया। इसके लिए कोर्ट परिसर और आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। सुरक्षा बलों ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की। कचहरी और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।
मऊ कचहरी परिसर का नजारा
- फोटो : अमर उजाला
मामला दक्षिण टोला थाना क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक दक्षिण टोला निहार नंदन की तहरीर पर फर्जी असलहा प्रकरण मामले में दर्ज हुए मुकदमे को आधार बनाकर मुख्तार अंसारी, इजराइल अंसारी, सलीम और अनवर शहजाद के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोप पत्र कोर्ट में प्रेषित किया।
मामला एमपी/ एमएलए कोर्ट में विचाराधीन है। जिसमें मुख्तार सहित चारों आरोपियों पर आरोप तय होना था। गुरुवार को मुख्तार अंसारी को बांदा जेल से भारी सुरक्षा के बीच दीवानी कचहरी स्थित गैंगस्टर कोर्ट मे पेश किया गया। वहीं आरोपी सलीम और अनवर शहजाद को गाजीपुर जेल से लाकर पेश किया गया।
एक आरोपी इजराइल अंसारी जो जमानत पर कोर्ट मे हाजिर हुआ। विशेष न्यायाधीश ने सभी आरोपियों पर आरोप तय किया। साक्ष्य के लिए 30 सितंबर की तिथि तय कर दी। इस दौरान कचहरी परिसर मे सुरक्षा का व्यापक बंदोबस्त किया गया था। एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने कचहरी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
वाहन में बैठा मुख्तार अंसारी
- फोटो : अमर उजाला
गैंगस्टर एक्ट में बांदा जेल से कोर्ट में पेशी पर आया मुख्तार अंसारी एक घंटे तक अदालत परिसर के अंदर रहा। मुख्तार अंसारी को पुलिस कचहरी परिसर लेकर पहुंची। वज्रवाहन से उतरते ही सीधे कोर्ट में लेकर चली गई। मुख्तार अंसारी 11.45 बजे कोर्ट में दाखिल हुआ।
मऊ कोर्ट परिसर में तैनात पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
वहां आरोप तय होने और अगली तिथि नियत होने के बाद उसका हस्ताक्षर कराया गया। इस दौरान उसके साथ कोर्ट में तीन अन्य आरोपी भी मौजूद रहे। पूरी कार्यवाही पूरी होने मे एक घंटे का समय लगा। इसके बाद कोर्ट से निकलते ही पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर मुख्तार को वाहन में बैठाया।