माध्यमिक स्कूलों की जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज प्रांगण में शनिवार को आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में अंकों के आधार पर विजेता टीमों की घोषणा की गई। अंडर-19 बालक वर्ग में मुहम्मदाबाद गोहना और सदर तहसील को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। अंडर-14 बालक वर्ग में घोसी तहसील के खिलाड़ी चैंपियन हुए। बालिकाओं की अंडर-19 वर्ग में सदर तहसील चैंपियन हुई। अंंडर-14 बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय टीम को चैंपियन बनी।
इसके पहले जिला विद्यालय निरीक्षक डीके गुप्ता ने कबड्डी प्रतियोगिता का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कबड्डी खेल भारत का पुराना परंपरागत खेल है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्र के माध्यमिक विद्यालय के प्रतियोगियों को अपना कौशल दिखाने का मौका मिलता है। उन्हें मंडल और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होने का अवसर मिलता है। उन्होंने विजेता टीम को मेडल और पुरस्कार प्रदान किया तथा शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य इफ्तेखारुद्दीन, प्रबंधक डॉ. जियाउद्दीन, माध्यमिक प्रधानाचार्य संघ के जिलाध्यक्ष दिवाकर राय शर्मा, जयनारायण द्विवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष हरनाथ सिंह, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज चिरैयाकोट के प्रधानाचार्य अखिलेश सिंह, टाउन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रविंद्र नाथ यादव आदि उपस्थित रहे।