मुहम्मदाबाद गोहना। घरेलू व संपत्ति का झगड़ा सुलझाने के लिए एसडीएम कार्यालय पहुंची सास और बहू उप जिलाधिकारी कक्ष में ही भिड़ गई। एक दूसरे पर ही दोषारोपण करने लगीं। कार्यालय में हंगामा देख एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों का चालान कर दिया। हालांकि इस दौरान लोग मजे लेकर सास-बहू के झगड़े का लुत्फ उठाते रहे। कबीरा बाद मोहल्ला निवासी पिंकी ने आरोप लगाया है कि उसके पति की मृत्यु नौ साल पहले हो गई। वह अपने पति के पैतृक मकान में दो पुत्रियों के साथ रहती है। कुछ दिन पूर्व वह अपने मायके गई थी और जब वापस लौटी तो उसकी सास देवर और ननद घर में ताला बंद कर जानबुझ कर कही चले गए। फोन करने पर घर में न घुसने की धमकी देने लगे। सुबह वह फरियाद लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंची। एसडीएम ने संबंधित लेखपाल से महिला की सास को कार्यालय बुलवाया। ऐसे में सास-बहू आमना सामना हुआ तो कलह सामने आ गई। दोनो एसडीएम के सामने ही झगड़ने लगीं। ऐसे में एसडीएम क्षिप्रा पाल ने पुलिस को बुलाया और दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।