मऊ। बढ़ती ठंड और कोहरे के साथ ही ट्रेनों की लेटलतीफी ने रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार को महानगरों से आने वाली 10 से अधिक एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें मऊ जंक्शन पर पहुंची। सबसे अधिक परेशानी स्पेशल ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को हुई, इन ट्रेनों को पास नहीं मिलने से 10 से 12 घंटा लेट सफर पूरा कर रही हैं। मुंबई से आने वाली पांच, दिल्ली से आने वाली दो, गुजरात से चलने वाली दो और अमृतसर से आने वाली एक ट्रेन निर्धारित समय से दो से तीन घंटा लेट पहुंची। रविवार को मुंबई से आने वाली छपरा ताप्ती गंगा एक्सप्रेस दो घंटे, छपरा एक्सप्रेस 3.30 घंटे, गोरखपुर स्पेशल दो घंटे, काशी एक्सप्रेस 3.39 घंटे लेट पहुंची। शनिवार की रात 11.45 बजे पहुंचने वाली बलिया स्पेशल ट्रेन रविवार की भोर में चार बजे मऊ जंक्शन पर पहुंची। नई दिल्ली से आने वाली मऊ सुपरफास्ट रविवार को 4.38, लिच्छवी एक्सप्रेस 2.23 घंटे लेट पहुंची। अहमदाबाद से चलने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस 3.32 घंटे, दरभंगा साबरमती एक्सप्रेस 2.42 घंटे और अमृतसर से चलने वाली सरयू यमुना एक्सप्रेस 3.48 घंटे लेट पहुंची। नई दिल्ली से पहुंचे मनोहर, श्याम कुमार, हृदयनारायण सिंह ने बताया कि लिच्छवी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से ढाई घंटा लेट पहुंची। उनके साथ सफर में पांच साल तक के दो बच्चे थे जिन्हें काफी परेशानी हुई। वहीं मऊ सुपरफास्ट से दिल्ली से पहुंची शालू, हिमांशी सोनी, अनुप्रिया भारद्वाज ने बताया कि उन्हें यहां से सुबह की ट्रेन पकड़कर बलिया जाना था। लेकिन ट्रेन निर्धारित समय से 4.38 घंटे लेट पहुंची है। ट्रेन छूट गई, बलिया जाने वाली दूसरी ट्रेन भी दो घंटा लेट पहुंचेगी।