कार सवार बदमाशों ने ईंट लेने के बहाने घर से बाहर बुलाकर भट्टा संचालक का अपहरण कर लिया। आजमगढ़ ले जाकर पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन कर उसे छोड़ दिया। भट्ठा संचालक ने मुहम्मदाबाद गोहना पहुंचकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
तहरीर के अनुसार, आजमगढ़ के जहानागंज थानाक्षेत्र के मंदे गांव का मुनव्वर अहमद भट्ठा संचालक हैं। उसका भट्ठा चिरैयाकोट थानाक्षेत्र के हुसैनाबाद सुलतानीपुर गांव में है। उसने बताया कि दो दिन पहले उनके मोबाइल पर फोन कर ईंट खरीदने की बात की गई थी। सोमवार की सुबह नौ बजे फिर भट्ठा संचालक के मोबाइल पर फोन आया और फोन करने वाले ने ईंट खरीदने की बात की। इसके बाद एक युवक नेे भट्ठे पर पहुंचकर ईंटें देखीं और सौदा करने के लिए मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहा बाजार बुलाया। भट्ठा मालिक जब करहा पहुंचा तो फिर फोन कर उसे मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के भुजही क्रॉसिंग के पास सिक्स लेन पर बुलाया गया।
वहां पहले से मौजूद दो बदमाशों ने ईंट गिराने की जगह दिखाई। अभी बात चल ही रही थी कि बोलेरो से तीन लोग पहुंचे और सभी ने मिलकर मुनव्वर को असलहा सटाकर गाड़ी में बैठा लिया। बदमाश उन्हें सिक्स लेन रोड से होते हुए आजमगढ़ के तहबरपुर थानाक्षेत्र के किसूनदासपुर गांव के पास ले गए। वहां मुनव्वर के दो मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये छीन लिए। फिर जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ी से उतार दिया। इसके घटना मुनव्वर किसी तरह मुहम्मदाबाद पहुंचे और कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से 50 किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ने के बाद पीड़ित ने वहां आसपास के थाने पर सूचना नहीं दी। इससे मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी जांच की जा रही है।