मऊ। चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कासगंज जेल में बंद सुभासपा के सदर विधायक अब्बास अंसारी ने बृहस्पतिवार को अधिवक्ता के जरिये अदालत से पिता व पत्नी से मुलाकात की अनुमति देने की गुहार लगाई। एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए 28 जून की तिथि तय की है। विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एमपी/एमएलए कोर्ट श्वेता चौधरी की अदालत में हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अब्बास अंसारी को पेश किया गया। अब्बास ने अधिवक्ता के जरिये प्रार्थना पत्र देकर पिता मुख्तार अंसारी और पत्नी निकहत अंसारी से मुलाकात व बात कराने के लिए आदेश देने का अनुरोध किया। मुख्तार इस वक्त बांदा जेल में है। उसे छह अलग-अलग मामलों में सजा हो चुकी है। हाल ही में वाराणसी की एमपी-एमएलए कोर्ट ने अवधेश राय हत्याकांड में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसी तरह विधायक की पत्नी चित्रकूट जेल में बंद है।