एसीजेएम एमपी/ एमएलए कोर्ट श्वेता चौधरी की कोर्ट में बुधवार को सदर विधायक अब्बास अंसारी उपस्थित नहीं हुए। उन पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में कोर्ट ने वारंट जारी किया था। अब कोर्ट ने उनके न आने पर मामले में अगली सुनवाई के लिए 12 अक्तूबर की तारीख मुकर्रर की है। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार, बीते विधानसभा चुनाव के दौरान मतगणना के बाद सदर विधायक अब्बास अंसारी ने आयोग से बिना इजाजत लिए जुलूस निकाला था। इससे यातायात प्रभावित हुआ था। इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन पाते हुए शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना कर अब्बास अंसारी, उमर अंसारी, शाहिद लारी, मोहम्मद ईशा खां, जुल्फेकार, गणेश मिश्रा, मंसूर अंसारी सहित नौ लोगों के विरुद्ध आरोप पत्र कोर्ट में प्रेषित किया था। जिसमें कुछ आरोपियों ने जमानत करा ली है। सदर विधायक अब्बास अंसारी और उनके भाई उमर अंसारी के कोर्ट में हाजिर न होने पर उनके विरुद्ध जमानती वारंट जारी किया गया था। बुधवार को उन्हें कोर्ट में हाजिर होना था। अब कोर्ट ने मामले मेें सुनवाई के लिए 12 अक्तूबर की तारीख तय की है।