मधुबन। क्षेत्र के भेड़कुल सुल्तानपुर गांव के सिवान में रविवार की देर शाम नाले में एक महिला का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला शनिवार की देर शाम से घर से लापता हो गई थी। भेड़कुल सुल्तानपुर गांव के सिवान से शाम को गुजर रहे ग्रामीणों ने नाले में महिला का शव उतराया हुआ देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे मधुबन प्रभारी निरीक्षक अब्दुल वाहिद ने शव को बाहर निकालवाया। मृतका की शिनाख्त भेड़कुल सुल्तानपुर गांव निवासी रेनू (38) पत्नी सुनील के रूप में हुई। पति सुनील ने बताया कि रेनू शनिवार की शाम सिवान में शौच करने गई थी लेकिन घर नहीं लौटी। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि महिला की नाले में डूबने से मौत हुई है। हालांकि सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगी।