घोसी। कोतवाली क्षेत्र के आदमपुर गांव से लापता किशोर को कोतवाली के मझवारा चौकी प्रभारी प्रमोद सिंह ने दो दिन में खोज कर परिजनों को सौंप दिया। वह अपने एक साथी के साथ बनारस चला गया था। किशोर के लापता होने की रिपोर्ट उसके पिता मानोज राय ने 17 मार्च को कोतवाली में दर्ज कराई थी। बेटे के मिल जाने से परिजनों में खुशी है। आदमपुर गांव निवासी मनोज राय का 12 वर्षीय पुत्र आदर्श राय बृहस्पतिवार की भोर में मोबाइल एवं लैपटॉप के साथ कहीं चला गया था। तलाश के बावजूद नहीं मिला तो पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद सीओ राजीव प्रताप सिंह एवं कोतवाल नागेश उपाध्याय के निर्देश पर मझवारा चौकी प्रभारी प्रमोद सिंह तलाश में लग गए। आदर्श के मोबाइल को ट्रेस करने पर उसकी लोकेशन वाराणसी के अलीपुर में मिली तो प्रमोद सिंह हमराही बृजेश कुमार और परिजनों को लेकर वाराणसी पहुंचे परंतु आदर्श वहां से निकल गया था। उसके बाद उसकी लोकेशन घोसी में मिली। पुलिस को आदर्श मधुबन-मझवारा रोड पर मिल गया। उसके साथ उभांव थाना के एक गांव निवासी किशोर भी था। चौकी प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि आदर्श राय भीमपुरा स्थित एक स्कूल में पढ़ता है। अपने कक्षा के एक अन्य साथी के साथ घर से निकल गया था। मोबाइल से मिली लोकेशन के आधार पर उसकी बरामदगी हो सकी।