घोसी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत दो करोड़ 37 लाख 27 हजार रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट और तिरंगा लाइट का लोकार्पण नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शनिवार की देर शाम किया। इस मौके पर शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव मदद की जाएगी। सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से क्षेत्र को लाभन्वित किया जाएगा। विद्युतीकरण से सड़क से होकर आने जाने में काफी आसानी होगी। मार्ग दुर्घटनाओं में कमी आएगी। घोसी और मऊ में अंतर न हो ऐसी व्यवस्था की जा रही है। नगर पंचायत चेयरमैन मुन्ना गुप्ता, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि क्षेत्र का विकास ही परम लक्ष्य है। जनता से जुड़ी हर समस्या का निदान करने का कार्य किया जाएगा। पूर्व विधायक उमेशचंद पांडेय और पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्त ने कहा कि भाजपा में ही सर्व समाज का सम्मान निहित है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विनय कुमार, रूपेंद्र राजभर, फहीम खान मुन्ना, नेसार अहमद, प्यारेलाल राजभर, जयप्रकाश सिंह, रघुनंदन यादव, विमलेश, शादाब, उमेश यादव, जुल्फिकार अहमद, नेहाल अख्तर खुर्शीद आदि उपस्थित रहे।