घोसी के पिढ़वल मोड़ स्थित मोबाइल की दुकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।संवाद
- फोटो : MAU
घोसी। कोतवाली क्षेत्र के पिढवल मोड़ स्थित दो दुकानों का ताला तोड़कर बृृहस्पतिवार की रात चोरों ने लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। शुक्रवार को दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी का पता चला। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। जबकि दो अन्य दुकानों में चोरी का प्रयास विफल रहा। दर्ज मुकदमे के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के लिलारी भरौली निवासी निलेश कुमार ने बताया कि पिढवल मोड़ पर उसकी मोबाइल की दुकान है। बृहस्पतिवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया। शुक्रवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो ताला टूटा था और दुकान में रखे लैपटाप, 28 स्मार्ट फोन, 20 कीपैड मोबाइल, सीपीयू के साथ गल्ले में रखे 29 हजार रुपये गायब थे। वहीं चोरों ने बगल में तिलई बुजुर्ग निवासी मोतीचंद राजभर की कम्प्यूटर एवं मोबाइल की दुकान का ताला तोडकर कर दो लैपटॉप, 25 स्मार्ट फोन तथा सात हजार रुपये नकदी ले गये। इसके अलावा नंदू गुप्ता की किराना की दुकान एवं कस्तूरी सोनकर की दुकानों के ताले तोड़कर चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। दुकानदारों ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।