रेलवे स्टेशन पर मुंबई से आने के बाद स्टेशन से बाहर निकलकर बसों के पास जाते यात्री।
- फोटो : MAU
मऊ। मुंबई के पनवेल से श्रमिक विशेष ट्रेन 1505 श्रमिकों को लेकर मंगलवार को रेलवे स्टेशन पहुंची। वहीं वाराणसी से मऊ, बलिया तथा आस पास के अन्य जिलों के प्रवासियों को लेकर विशेष पैसेंजर ट्रेन भी आई। ट्रेनों से उतरने के बाद श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद उन्हें150 से ज्यादा रोडवेज बसों से गंतव्य को रवाना किया गया। वहीं, ट्रेने चार से आठ घंटे विलंब से पहुंची। सुबह छह बजे मुंबई के पनवेल से 1505 श्रमिकों को लेकर 22 कोच की विशेष ट्रेन रेलवे स्टेशन आई। आरपीएफ प्रभारी डीके राय तथा जीआरपी प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में एक-एक कोच को क्रमवार खोलकर सोशल डिस्टेसिंग के साथ श्रमिकों को गोले में खड़ा कराया गया। यहां स्वास्थ्य विभाग के वीएन राय के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने इन सभी की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ स्वास्थ्य परीक्षण किया। बाद में उन्हें भोजन का पैकेट और पानी दिया गया और सभी को पहले से तैयार बसों में बैठा कर गंतव्य को रवाना कर दिया गया। उधर, दिन में ही वाराणसी से अलग-अलग ट्रेनों से उतरे 90 प्रवासियों को लेकर विशेष पैसेंजर ट्रेन भी यहां पहुंची। इन्हें भी थर्मल स्क्रीनिंग के बाद गंतव्य को रवाना किया गया। मुंबई से श्रमिकों को लेकर निकली ट्रेन सोमवार की रात दो बजे निर्धारित समय से चार घंटे विलंब से सुबह छह बजे पहुंची। वहीं दिल्ली तथा आनंद विहार से चल रही दो विशेष ट्रेन भी अपने निर्धारित समय से विलंब से चल रही थी। दिल्ली से आने वाली ट्रेन सुबह दस बजे के निर्धारित समय से आठ घंटे से ज्यादा विलंब से चल रही थी।