चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के कमथरी चट्टी पर सोमवार की शाम छह बजे तेज रफ्तार बाइक ने साईकिल में टक्कर मार दी। दुर्घटना में मीता (55) की मौत हो गयी। पकड़े जाने के डर से चालक बाइक छोड़कर भाग गया। रानीपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी मीता सोमवार को साईकल से सरसेना गए थे। शाम को लौटते समय कमथरी बाजार होते हुए अपने घर अकबरपुर जा रहे थे। वह ज्यों ही कमथरी चट्टी पर पंहुचे कमथरी गांव की तरफ से चट्टी पर आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य ने बताया कि बाइक सीज कर ली गयी है। तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।